

Blood Donation : उलगुलान मोर्चा के कार्यकर्ता मुकेश मुंडा ने शुक्रवार, 10 जुलाई 2026 को सदर अस्पताल, रांची स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया। उन्होंने यह रक्त ग्राम एदेलहातू निवासी उमेश मछुआ के 4 वर्षीय पुत्र ऋषभ मछुआ के लिए दान किया, जो सिकल सेल डिजीज (Sickle Cell Disease) से पीड़ित है। इस गंभीर बीमारी के कारण ऋषभ को प्रत्येक दो से तीन महीने में रक्त चढ़ाने की आवश्यकता पड़ती है।





रक्तदान के बाद मुकेश मुंडा ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। समय पर किया गया एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज की जान बचा सकता है। उन्होंने सभी स्वस्थ एवं सक्षम लोगों से स्वेच्छा से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सिकल सेल जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय-समय पर रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में यदि अधिक से अधिक लोग रक्तदान करेंगे तो किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव में परेशान नहीं होना पड़ेगा।
इस अवसर पर उन्होंने लोगों को संदेश दिया कि “रक्तदान महादान है” और मानव जीवन बचाने से बड़ा कोई धर्म नहीं। उलगुलान मोर्चा ने भी आम नागरिकों से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
