
रांची: रांची रेल मंडल ने अगले 5 वर्षों में 25 नई नई ट्रेनें चलाने का खाका तैयार कर लिया है, जिसके तहत झारखंड की कई प्रमुख शहरों से कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। प्रस्तावित योजना के अनुसार आने वाले समय में रांची से विभिन्न रूटों पर सुपरफास्ट, एक्सप्रेस, वंदे भारत, अमृत भारत और क्षेत्रीय मेमू ट्रेनों का परिचालन शुरू करने की तैयारी है। वर्तमान में रांची रेल नेटवर्क से जुड़ी कई प्रमुख ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) को देखते हुए रेलवे ने यह कदम उठाया है। इस योजना के तहत अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी और जयपुर जैसे धार्मिक व व्यावसायिक केंद्रों के लिए नई ट्रेनें शुरू करने का प्रस्ताव भेजा गया है। इसके अलावा, यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए रांची से हैदराबाद (सिकंदराबाद/दक्षिण भारत), बेंगलुरु, इंदौर, मुंबई और सूरत जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों के फेरे बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।
स्थानीय यात्रियों और दैनिक यात्रियों की सुविधा के लिए रांची-टोरी, लोहरदगा, बोकारो और धनबाद जैसे मार्गों पर मेमू (MEMU) सेवाओं का विस्तार करने की योजना है। आधारभूत संरचना में सुधार के लिए रांची, हटिया और टाटीसिलवे स्टेशनों पर नए पिट लाइन और प्लेटफॉर्म विकसित किए जा रहे हैं, ताकि नई ट्रेनों के रखरखाव और परिचालन में कोई बाधा न आए।

