रांची: दशहरा और पूजा उत्सव के मद्देनजर रांची रेलमंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ी तैयारी पूरी कर ली है। रेलवे ने यात्रियों को सौगात देते हुए रांची स्टेशन के दक्षिणी छोर (साउथ साइड) में बने नवनिर्मित द्वितीय स्टेशन भवन को खोल दिया है। इसके साथ ही नए टिकट काउंटर भी शुरू कर दिए गए हैं। हालांकि, भीड़ कम होने के कारण सभी काउंटर चालू नहीं हैं, लेकिन ऑटोमेटिक टिकटिंग मशीन (ATVM) की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। दक्षिणी छोर से मुख्य स्टेशन भवन में प्रवेश करने वाले यात्रियों के सामान की जांच सुरक्षा मशीन द्वारा शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, जैसे-जैसे भीड़ बढ़ेगी, इस नए भवन का पूर्ण (फुल फेज) उपयोग किया जाएगा। फिलहाल इसके आवागमन मार्ग का कार्य पूरी तरह पूरा होना बाकी है।

सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण के कड़े इंतजाम
पूजा के दौरान भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक पाली में रांची और हटिया स्टेशन पर 50 से 60 आरपीएफ और जीआरपी जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग, अस्थाई पैसेंजर होल्डिंग एरिया, सीसीटीवी कैमरों और वार रूम से 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सहायता और जानकारी के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर 9835921955 भी जारी किया है।
विशेष ट्रेनों की शुरुआत
त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हटिया-सर एम. विश्वेश्वरैया बेंगलुरु, हटिया-एलटीटी, रांची-आनंद विहार, अजमेर-रांची और पटना-चर्लपल्ली जैसी कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। दूसरी ओर, पूजा शुरू होते ही नियमित/सामान्य ट्रेनों में आरक्षित श्रेणी की सीटें हाउसफुल हो चुकी हैं। रांची-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस, हटिया-मुंबई सुपरफास्ट, हावड़ा क्रियायोग एक्सप्रेस और हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में स्लीपर से लेकर प्रथम श्रेणी तक में बर्थ मिलना बेहद मुश्किल हो गया है।


