
रांची : राजधानी रांची के रातू रोड स्थित महतो होटल के पास देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पर जा रहे तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों युवक घायल हो गए, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात तीन युवक सड़क से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही सुखदेवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस वाहन चालक की पहचान करने के साथ-साथ हादसे की वजहों की भी जांच कर रही है। वहीं, घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

