
रांची: रांची रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने अलग-अलग अभियानों के तहत तीन महत्वपूर्ण कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए यात्री सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। एक ओर रांची रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान फिसल रही महिला यात्री की जान बचाई गई, वहीं हटिया स्टेशन पर बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा लोहरदगा में आत्महत्या का प्रयास करने वाली एक नाबालिग को बचाकर उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
रांची रेलवे स्टेशन पर इस्लामपुर हटिया एक्सप्रेस के प्रस्थान के समय एक महिला चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिर गई। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल रूपेश कुमार गुप्ता ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तुरंत बाहर खींच लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। महिला सुरक्षित होने के बाद स्टेशन से चली गई।
वहीं ऑपरेशन सतर्क के तहत हटिया रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान ट्रेन संख्या 18624 के एसी कोच से दो लावारिस बैग मिले। तलाशी लेने पर उनमें 44 बोतल अवैध शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 43,600 रुपये बताई गई। किसी दावेदार के सामने नहीं आने पर आरपीएफ ने शराब जब्त कर उत्पाद विभाग को सौंप दिया।
इसके अलावा लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर चोपन रांची एक्सप्रेस से एक 16 वर्षीय बालिका चलती ट्रेन से कूद गई। घायल अवस्था में आरपीएफ ने उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि परिवार और स्कूल में डांट-फटकार से परेशान होकर वह घर छोड़कर निकल गई थी और मानसिक तनाव में आत्महत्या का प्रयास किया। उपचार और बाल कल्याण समिति की औपचारिकताओं के बाद आरपीएफ ने बालिका को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया।

