
रांची: राज्य सरकार की सर्वजन पेंशन योजना के तहत रांची जिले के हजारों लाभुकों के लिए राहत भरी खबर है। अप्रैल से जुलाई 2026 तक की चार महीने की पेंशन राशि का भुगतान पहले चरण में कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने 1 लाख 59 हजार 358 लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल 63 करोड़ 74 लाख 32 हजार रुपये भेजे हैं। प्रत्येक लाभुक को चार महीने की पेंशन के रूप में 4 हजार रुपये की राशि मिली है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर यह भुगतान प्रक्रिया पूरी की गई। जिला प्रशासन का कहना है कि इसका उद्देश्य पेंशनधारियों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना और भुगतान व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाना है। बैंक खातों में सीधे राशि पहुंचने से लाभुकों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
मांडर में सबसे ज्यादा लाभुकों को मिला लाभ
जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार सबसे ज्यादा लाभुक मांडर प्रखंड में हैं। यहां 13,953 लोगों के खातों में पेंशन राशि भेजी गई है। इसके बाद कांके प्रखंड में 13,201, सिल्ली में 12,952, बेड़ो में 11,833 और सोनाहातू में 11,641 लाभुकों को पेंशन का भुगतान किया गया है। इसके अलावा बुंडू, बुढ़मू, नामकुम, रातू, ओरमांझी, राहे, नगड़ी, लापुंग, खलारी, इटकी समेत रांची के विभिन्न शहरी क्षेत्रों के हजारों लाभुकों को भी पेंशन राशि मिल चुकी है। हालांकि, जिला प्रशासन ने बताया है कि अनगड़ा, चान्हो, तमाड़ और शहर अंचल के कुछ लाभुकों का भुगतान अभी प्रक्रिया में है। इन क्षेत्रों के पात्र लाभुकों के खातों में भी जल्द ही राशि भेज दी जाएगी।
पेंशन नहीं पहुंची तो तुरंत कराएं आधार सीडिंग
जिला प्रशासन ने उन लाभुकों से विशेष अपील की है जिनके बैंक खाते में अभी तक पेंशन की राशि नहीं पहुंची है। ऐसे लोगों को अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग जरूर कराने को कहा गया है। प्रशासन के अनुसार आधार सीडिंग नहीं होने पर DBT के जरिए राशि भेजने में तकनीकी समस्या आ सकती है। इसके साथ ही सभी लाभुकों से अपने संबंधित प्रखंड या अंचल कार्यालय में जाकर भौतिक सत्यापन कराने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि समय पर सत्यापन पूरा कराने से भविष्य में पेंशन भुगतान में रुकावट नहीं आएगी और पात्र लोगों को योजना का लाभ लगातार मिलता रहेगा।
पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता: उपायुक्त
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में पेंशन भुगतान लंबित है, वहां प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। साथ ही आधार सीडिंग और भौतिक सत्यापन का काम भी तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभुक योजना के लाभ से वंचित न रहे।

