रांची : सूरज सिंह मेमोरियल महाविद्यालय में मंगलवार को हिंदी दिवस समारोह का आयोजन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ बीपी वर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आकाशवाणी से सेवानिवृत और प्रसिद्ध कथाकार पंकज मित्र रहे । इन्होंने हिंदी की महता को बतलाते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने एक बार ब्रिटिश पत्रकार को साक्षात्कार में कहा कि पूरी दुनिया को बतला दो की मुझे अंग्रेजी नहीं आती जबकि गांधी जी की अंग्रेजी बहुत समृद्ध थी। इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य ने बताया कि हिंदी के विकास में सरकार की क्या भूमिका होनी चाहिए। कार्यक्रम में विषय प्रवेश करते हुए हिंदी विभाग की विदुषी महिला डॉ सावित्री बढ़ाईक ने कहा कि हिंदी को समृद्ध बनाने में आदिवासी भाषाओं का महत्वपूर्ण योगदान है।
वहीं मंच का संचालन कर रही विदुषी महिला डॉ उषा किड़ो ने बतलाया की हिंदी की बोलियां ही हिंदी को समृद्ध कर रही हैं। बिना बोली के हिंदी की कल्पना नहीं की जा सकती। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन हिंदी विभाग के डॉ त्रिभुवन साही ने किया और बतलाया कि कैसे वर्षों से गुलामी की मार झेलते हुए भी हिंदी आज वैश्विक भाषा बनने की ओर अग्रसर है। कार्यक्रम में भूगोल विभाग की डॉ लक्ष्मी कुमारी राजनीति विज्ञान के डॉ कन्हैया लाल और रवि के साथ हिंदी विभाग और महाविद्यालय के सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे।

