
रांची : राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित तिरिल बस्ती में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक अनियंत्रित कार अचानक सड़क किनारे स्थित एक मेडिकल दुकान में जा घुसी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार चालक पेशे से शिक्षक है और वह अपनी कार से कहीं जा रहा था। इसी दौरान वाहन पर से नियंत्रण हट गया और कार सीधे मेडिकल दुकान से जा टकराई। उस समय दुकान में कई ग्राहक मौजूद थे, जिन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। हालांकि, हादसे में दुकान और सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी को नुकसान पहुंचा है।
घटना के बाद कार चालक ने हुए नुकसान की भरपाई करने की बात कही, जिसके बाद स्थानीय लोगों के बीच आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया।

