
रांची: 86 एकड़ जमीन फर्जीवाड़े से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और जमीन के मूल रैयत राजकुमार पाहन की डिस्चार्ज पिटीशन पर पीएमएलए की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान हेमंत सोरेन की याचिका पर ईडी की ओर से आंशिक बहस की गई। अब इस याचिका पर अगली सुनवाई 2 जून को होगी। वहीं राजकुमार पाहन की याचिका पर कोर्ट 2 मई को अगली सुनवाई करेगा।
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से अदालत में बहस पहले ही पूरी की जा चुकी है। अब ईडी की बहस पूरी होने के बाद अदालत इस मामले में अपना फैसला सुनाएगी। इस केस में आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए जाने हैं। इससे पहले 5 दिसंबर 2025 को हेमंत सोरेन ने खुद को निर्दोष बताते हुए अदालत में याचिका दाखिल कर आरोप मुक्त करने की मांग की थी। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कई बार छापेमारी की थी और कई लोगों को समन भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया था। जांच एजेंसी ने करीब डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ जांच करते हुए चार्जशीट दाखिल की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई जमीन कारोबारियों को इस केस में गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया था। 31 जनवरी 2024 को ईडी ने पूछताछ के बाद हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया था। बाद में 28 जून 2024 को झारखंड हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिल गई थी। फिलहाल इस पूरे मामले में ईडी की चार्जशीट के आधार पर डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया गया है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

