रांची: रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर प्रशासन सख्त रवैया अपनाने की तैयारी में है। राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे CCTV कैमरों को दुरुस्त और अपग्रेड किया जा रहा है। कैमरों के दोबारा सक्रिय होने के बाद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान करना और ई-चालान जारी करना आसान हो सकता है।

शहर के कई प्रमुख इलाकों में पहले से CCTV कैमरे लगाए गए थे, लेकिन लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण कई कैमरे बंद पड़े थे। कुछ कैमरों की तस्वीर भी साफ नहीं आ रही थी। ऐसे में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की पहचान करने में परेशानी हो रही थी। अब प्रशासन ने खराब और बंद कैमरों की मरम्मत कर उन्हें फिर से चालू करने का काम शुरू कर दिया है।
करमटोली और सुजाता चौक समेत कई इलाकों में काम जारी
करमटोली चौक, सुजाता चौक और अल्बर्ट एक्का चौक समेत शहर के कई प्रमुख चौराहों पर तकनीकी टीम CCTV कैमरों को दुरुस्त करने में जुटी है। कर्मचारी क्रेन और लिफ्ट की मदद से पोल पर लगे कैमरों की जांच और मरम्मत कर रहे हैं। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद CCTV कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। इससे लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा। कैमरों की मदद से बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, रेड लाइट जंप करने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग जैसे ट्रैफिक उल्लंघनों पर नजर रखी जा सकेगी।
इसके अलावा रात के समय होने वाली हुड़दंग और दूसरी असामाजिक गतिविधियों पर भी CCTV के जरिए निगरानी रखने में मदद मिलेगी। प्रशासन की इस पहल से राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।


