Ranchi News; रांची के तिलता चौक स्थित ट्यूलिप हॉस्पिटल में गुरुवार को मरीज के परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा रहा। सूचना मिलने पर रातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
इलाज में लापरवाही का आरोप
मरीज के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इलाज के लिए पैसे लेने के बावजूद मरीज का समुचित इलाज नहीं किया गया। परिजन मरीज को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले जाना चाहते थे, लेकिन आरोप है कि उन्हें मरीज को बाहर ले जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी।

मोबाइल लेने का भी आरोप
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर उनका मोबाइल फोन अपने कब्जे में लेने का भी आरोप लगाया है।
सूचना मिलने के बाद रातू थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इलाज में लापरवाही, मोबाइल फोन लेने और मारपीट के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


