झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, गिरिडीह में वज्रपात से एक की मौत, दो घायल

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला है। रांची सहित पूरे राज्य में बीती देर रात से ही बारिश हो रही है।

रांची में सुबह-सुबह लोग बारिश से बचते दिखे। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार दिनभर बादल छाए रहेंगे।

मौसम विभाग ने झारखंड के उत्तर पूर्वी इलाके में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही ओलावृष्टि और वज्रपात को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वानुमान में बताया गया है कि झारखंड के अधिकतर इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान ओलावृष्टि के भी आसार हैं।

धनबाद, जामताड़ा, देवघर, गोड्डा, साहेबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर में भारी बारिश की संभावना है। देवघर-दुमका सहित संथाल के अधिकतर इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई है।

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि दो तरह के सिस्टम का असर झारखंड में देखने को मिलेगा। पहला, पाकिस्तान के उत्तरी और आसपास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रूप में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है।

दूसरी ओर उत्तर पश्चिम राजस्थान और उससे सटे क्षेत्रों में इंड्यूस्ड लो प्रेशर बना है। इसका भी असर झारखंड में देखने को मिलेगा।

इंड्यूस्ड सिस्टम तब बनता है जब पहले से किसी विक्षोभ का असर रहता है। यह एंटी क्लाकवाइज होता है।

चूंकि पहले से विक्षोभ काम कर रहा होता है, ऐसे में इंड्यस्ड सिस्टम बनने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

अभिषेक आनंद ने बताया कि बादल छाने और बारिश होने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी, जबकि अधिकतम तापमान में कमी आएगी। पांच फरवरी को मौसम में सुधार होगा।

गिरिडीह में वज्रपात से एक की मौत, दो घायल

गिरिडीह के गावां थाना क्षेत्र के जमडार के जमुआ में गुरुवार की देर एक मिट्टी के घर पर वज्रपात गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक बच्चा समेत एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

मृतक की पहचान गंव के चैतू मुर्मू के रूप में हुई है। उनकी पत्नी और उनके पुत्र गंभीर रूप से घायल हैं। इनका इलाज चल रहा है।

10 डिग्री सेल्सियस पहुंचा रांची का तापमान

बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है। माैसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ ने राज्य में प्रवेश किया है, जिससे माैसम में बदलाव आया है।

पिछले 24 घंटे में रांची का तापमान 10.7 और 26.6 डिग्री था जबकि गुरुवार काे न्यूनतम तापमान 12.1 और अधिकतम तापमान 25 डिग्री रहा।

वहीं जमशेदपुर का तापमान 13.4 व 28.4 और डालटनगंज का तापमान 11.5 व 30.7 डिग्री रहा। रांची में बारिश के बाद न्यूनतम तापमान गिरकर आठ से 10 डिग्री पर पहुंच सकता है।

Share This Article