रांची में घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप, छह बच्चों के सिर से उठा मां का साया

रांची के चान्हो में विवाद के दौरान पड़ोसी ने टांगी से हमला कर 45 वर्षीय महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, परिवार में मातम पसरा।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi :  राजधानी रांची के चान्हो इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। देशवाली गांव में रविवार सुबह हुए विवाद के बाद एक महिला की जान चली गई। मृतका की पहचान 45 वर्षीय सुनीता उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे गांव के रहने वाले पिंजरा उरांव अपने घर के आंगन में लकड़ी काट रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली सुनीता उरांव वहां पहुंचीं। किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने लकड़ी काटने वाली टांगी से सुनीता पर हमला कर दिया। सिर और गर्दन पर गंभीर चोट लगने के कारण महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर चान्हो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पिंजरा उरांव (50) को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, विवाद के पीछे की वास्तविक वजह और किसी पुरानी रंजिश की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुनीता उरांव अपने परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए बीजुपाड़ा चौक पर सब्जी बेचती थीं। उनके छह बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त उनके पति चूंदा उरांव मजदूरी के सिलसिले में सिकंदराबाद गए हुए थे। मां की अचानक मौत से बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब बच्चों की परवरिश और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।