


रांची: अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में रिम्स में मरीजों की सुविधाओं और संसाधनों को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। जहां सात मुख्य एजेंडों पर चर्चा के साथ पांच पदों पर भर्ती और कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।





झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को रिम्स की वित्त एवं लेखा समिति की बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में रिम्स निदेशक डॉ. डी.के, अपर निदेशक बाघमारे प्रसाद कृष्ण सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए। बैठक की शुरुआत पिछली फैसलों की अनुपालन समीक्षा से हुई, जिसके बाद रिम्स में मरीजों और छात्रों के लिए नई व्यवस्थाएं लागू करने का खाका तैयार किया गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के तहत रिम्स में आधुनिक कैंटीन विकसित करने के लिए विस्तृत एस्टीमेट तैयार करने और एम्स नई दिल्ली की तर्ज पर स्वास्थ्य सेवाओं को उन्नत बनाने का निर्देश दिया गया।
रेडियोथेरेपी विभाग की समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि प्रतिदिन लगभग 40 मरीजों का इलाज हो रहा है, जिसे देखते हुए अपर मुख्य सचिव ने टेक्नीशियनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को लंबा इंतजार न करना पड़े।
इसके अलावा, अस्पताल के लिए विश्वस्तरीय और मानक चिकित्सा उपकरणों की खरीद जेम पोर्टल या एम्स की दरों के आधार पर करने, विभागवार मशीनों की मैपिंग करने और पुरानी निष्प्रयोज्य मशीनों को नियमनुसार डिस्पोज करने पर सहमति बनी।
बैठक में पांच नए पदों पर भर्ती की मंजूरी देने के साथ-साथ बर्न वार्ड के लिए नए उपकरण खरीदने, रोबोटिक सर्जरी शुरू करने, फायर फाइटिंग सिस्टम के रखरखाव, प्रोक्योरमेंट सेल में कर्मचारियों की तैनाती और जेनेटिक्स विभाग के वैज्ञानिकों को एकेडमिक अलाउंस देने जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।
वहीं पैरामेडिकल छात्रों के हॉस्टल की स्वच्छता और परिसर की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक समाप्त होने के बाद अपर मुख्य सचिव ने रिम्स के निर्माणाधीन भवनों, ड्रेनेज सिस्टम और बेसमेंट का प्रत्यक्ष जायजा लिया तथा मरीजों से बातचीत कर उन्हें दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और वितरण प्रणाली में तत्काल सुधार करने के सख्त निर्देश जारी किए।
