
रांची : प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों से लगता है कि देश एक बड़ी आर्थिक आपदा की चपेट में आनेवाला है। ऐसा इसलिए भी लगता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों काफी परेशान दिख रहे हैं और विभिन्न राज्यों में घूम घूम कर अजीबो गरीब बयान दे रहे हैं। उन्होंने देश को संदेश दिया कि एक साल तक देशवासी सोना-चांदी न खरीदें। ईंधन बचाए और ऑनलाइन स्कूल की क्लास करें। इससे स्पष्ट होता है कि देश एक बड़ी आर्थिक आपदा के चपेट में आने वाला है।
उन्होंने कहा कि महीनों से ईरान-इजरायल-अमेरिका के युद्ध के दौरान भारत घरेलू और कमर्शियल गैस की भारी किल्लत झेल चुका है। जिसका देशभर में जमकर विरोध हुआ था लेकिन केंद्र की मोदी सरकार गैस की किल्लत को स्वीकार नहीं करती थी, क्योंकि 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव चल रहा था। अब अगर देश में किसी भी तरह का आर्थिक संकट आता है तो उसकी जिम्मेवार केंद्र की मोदी सरकार होगी। पीएम मोदी ने आर्थिक संकट और आगामी दिनों में लॉकडाउन होने का स्पष्ट संदेश दिया है। अगर ऐसा स्थिति पैदा होती है तो देश कि जनता केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ आवाज उठाएगी और उसकी सारी जवाबदेही मोदी सरकार की होगी। क्योंकि इनकी नीतियां हर मोर्चे पर विफल रही है।

