रांची: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत रेलवे सुरक्षा बल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आरपीएफ फ्लाइंग टीम और आरपीएफ पोस्ट रांची की संयुक्त टीम ने रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 1(A) पर तलाशी अभियान के दौरान 12.700 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 6 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान बिहार के रोहतास जिले के निवासी 29 वर्षीय असगर खान के रूप में हुई है। जांच के दौरान उसके पास मौजूद एक काले रंग के पिट्ठू बैग और मिट्टी के रंग के ट्रॉली बैग से संदिग्ध मादक पदार्थ के कुल 9 पैकेट बरामद किए गए। आरपीएफ की टीम ने जब जांच की, तो उसमें गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद नियमानुसार सभी पैकेटों का वजन कराकर उन्हें सील कर दिया गया। आरोपी के पास से झारसुगुड़ा से रांची तक का एक अनारक्षित ट्रेन टिकट भी बरामद किया गया है।
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी असगर खान ने खुलासा किया कि उसे यह गांजा ओडिशा के बौध जिले में राजा नाम के व्यक्ति ने सौंपा था। वह बौध से बस में सवार होकर झारसुगुड़ा पहुंचा था और फिर वहां से ट्रेन संख्या 13426 एक्सप्रेस पकड़कर रांची पहुंचा था। RPF की टीम ने जब्त गांजे, ट्रेन टिकट और जब्ती से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची के हवाले कर दिया है, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।



