रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन को लेकर एक राहत भरी जानकारी मिली है। उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल में भर्ती रूपी सोरेन के सेहत को लेकर अस्पताल के संचालक डॉ नितेश प्रिया ने जानकारी साझा करते हुए बताया है कि अब उनकी स्थिति में काफी सुधार देखा जा रहा है। बताते चलें कि रूपी सोरेन को रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। अस्पताल के संचालक डॉ नितेश प्रिया के अनुसार चिकित्सकों की विशेष टीम उनकी सेहत पर लगातार अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। सोमवार को उनकी तमाम ब्लड जांच रिपोर्ट की गहन समीक्षा की जाएगी। यदि रिपोर्ट संतोषजनक पाई जाती है और उनका स्वास्थ्य इसी प्रकार बेहतर रहता है, तो उन्हें मंगलवार तक अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है।


