
नई दिल्ली : रूस ने भारत के पूर्व चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। ‘बार एंड बेंच’ की रिपोर्ट के मुताबिक ‘ग्लोबल आर्बिट्रेशन रिव्यू’ ने बताया है कि भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ एक इंटरनेशनल आर्बिट्रेशन ट्रिब्यूनल में रूस का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह ट्रिब्यूनल यूक्रेन के सरकारी बैंक ‘ओशदबैंक’ की तरफ से लाए गए एक विवाद की सुनवाई कर रहा है। यह मामला रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध और बैंक के कामकाज पर सैन्य अभियानों के कथित असर से जुड़ा है।
रिपोर्ट के मुताबिक यह मामला यूक्रेन के डोनेट्स्क, लुहान्स्क, खेरसॉन और जापोरिज्जिया इलाकों में ‘ओशादबैंक’ की संपत्ति और बिजनेस ऑपरेशन्स पर उसके दावे से जुड़ा है। बैंक का कहना है कि 2022 में रूस के बड़े पैमाने पर हमले और उसके बाद यूक्रेन में सैन्य कार्रवाई के कारण उसने ये संपत्तियां और कामकाज खो दिए।

