
रांची : रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने बुधवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चांडिल रेलवे स्टेशन (ईचागढ़) के पुनर्विकास कार्य निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि खुशी की बात है कि स्टेशन के आधुनिकीकरण का अधिकांश कार्य पूर्णता की ओर है।
नए स्टेशन भवन का निर्माण, प्लेटफार्मों का मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण, यात्रियों की सुविधा के लिए 3 नए लिफ्ट का निर्माण, आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया का विकास तथा ट्रेन एवं कोच इंडिकेशन सिस्टम का कार्य तेजी से चल रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से चांडिल रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर क्षेत्रवासियों को बेहतर यात्रा अनुभव देने का कार्य हो रहा है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार। इस स्टेशन का पुनर्विकास रेलवे के साथ क्षेत्र के विकास को भी नई गति और प्रगति देने वाला होगा।

