
Sanjay Seth : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तीन दिवसीय जम्मू-कश्मीर प्रवास पर सोमवार को श्रीनगर पहुंचे। शेख-उल-आलम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनका स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान वह विभिन्न नागरिक एवं सैन्य कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ सुरक्षा बलों के जवानों और स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेने पहुंचे संजय सेठ ने पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में विकास और सुशासन की नई तस्वीर उभरी है तथा लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। क्षेत्र में दो एम्स संस्थानों की स्थापना की जा रही है, जिनमें से एक का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, एमबीबीएस और पीजी सीटों में वृद्धि तथा स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है।
संजय सेठ ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में स्थानीय उद्योगों और पर्यटन को भी नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि यहां निर्मित क्रिकेट बैट की अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग बढ़ी है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। साथ ही फिल्म शूटिंग और पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर अब विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और विकास की मुख्यधारा में तेजी से जुड़ रहा है।
दौरे के दौरान संजय सेठ ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सत पॉल शर्मा, सैयद दरख्शां अंद्राबी, अनवर खान, आरिफ राजा, अल्ताफ ठाकुर, सुनीता रैना समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए जम्मू-कश्मीर में चल रही विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की जानकारी भी साझा की।

