
संत जॉन हाई स्कूल नवाटांड़ में मैट्रिक उत्तीर्ण विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित
रांची: संत जॉन हाई स्कूल, नवाटांड़ (मांडर) में वर्ष 2026 के मैट्रिक परीक्षा में उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की उपस्थित रहीं।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में मंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि छात्रों की मेहनत आने वाले समय में अवश्य रंग लाएगी। उन्होंने कहा कि यहां उपस्थित अधिकांश छात्र-छात्राएं ऐसे परिवारों से आते हैं, जहां आर्थिक संसाधन सीमित हैं। कई विद्यार्थी सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से हैं, जिनके माता-पिता कठिन परिश्रम कर उनकी शिक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे परिवेश में शिक्षा प्राप्त करना केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि एक संघर्ष है। विशेष रूप से छात्राओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने कई बेटियों को देखा है, जो पढ़ाई के साथ-साथ घरेलू जिम्मेदारियाँ भी निभा रही हैं और फिर भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित हैं।
मंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत और विपरीत परिस्थितियों में दृढ़ता से खड़े रहना आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्र जीवन संघर्षों से भरा होता है और बिना मेहनत के सफलता की कल्पना केवल भ्रम है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपनी इस उपलब्धि को अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत मानें और आगे आने वाली चुनौतियों के लिए स्वयं को तैयार रखें।
उन्होंने जीवन में संतुलन बनाए रखने पर भी जोर देते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ मित्रता, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों को भी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए तथा मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से दूर रहना चाहिए।
अभिभावकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि बच्चों के विकास में माता-पिता की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों का आभार व्यक्त किया तथा अन्य अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों के शैक्षणिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
मैट्रिक परीक्षा 2026 के उत्कृष्ट परिणाम
परीक्षा में संत जॉन हाई स्कूल, नवाटांड़ के विद्यार्थियों ने इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के नाम इस प्रकार हैं—
महताब अंसारी – 98.80%
आसिया खातून – 96.60%
प्रियंका भगत – 94.40%
नीलम केरकेट्टा – 93.40%
जेनी टोप्पो – 93.20%
नौशिन फिरदौश – 92.60%
विवेक मुंदरी – 92.60%
डोली कुमारी – 91.20%
मनीषा लकड़ा – 91.20%
मेघा रानी किस्पोट्टा – 90.60%
सानिया खातून – 90.40%
सिया कुमारी – 89.40%
परीक्षा परिणाम का संक्षिप्त विवरण:
कुल छात्र संख्या: 324
प्रथम श्रेणी: 222
द्वितीय श्रेणी: 96
तृतीय श्रेणी: 01
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, रांची विनय कुमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रदर बेंजामिन समद, ब्रदर सिल्वेस्टर सुरीन, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंगा उरांव, प्रमुख फिलिप सहाय एक्का, उप प्रमुख अमानत अंसारी, जमील अख्तर, सेरोफिना मिंज, बंधु टोप्पो, आजाद अंसारी, विनोद खलखो, बेरनादेत्त, रामविलास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

