तेज रफ्तार बोलेरो बिजली के खंभे और घर से टकराई, बाल-बाल बचीं दो महिलाएं

सरायकेला-खरसावां के चांडिल स्थित लेंगडीह में तेज रफ्तार बोलेरो बिजली के खंभे और घर से टकराई। बाहर बैठी दो महिलाओं ने कूदकर बचाई अपनी जान।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सरायकेला : खरसावां जिला अंतर्गत चांडिल स्थित लेंगडीह से सड़क हादसे की खबर सामने आई है। एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे और घर से टकरा गई। राहत की बात यह है कि हादसे के समय घर के बाहर बैठी दो महिलाओं ने तेज रफ्तार में अपनी ओर आ रही बोलेरो को देखकर तुरंत छलांग लगा दी, जिससे दोनों की जान बच गई। हालांकि, टक्कर में बिजली का खंभा गिर गया। साथ ही, घर और बाहर रखे सामान को नुकसान पहुंचा।

जानकारी के मुताबिक, आधुनिक कंपनी की बोलेरो (संख्या JH05 CD 2186) सुरक्षा गार्डों को लेकर चांडिल स्थित यार्ड जा रही थी। इसी बीच, लेंगडीह के पास चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। बोलेरो पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई और फिर एक घर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा जमीन पर गिर गया और घर के कुछ हिस्से को नुकसान पहुंचा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, लेकिन इस बात की अधिकारियों द्वारा पुष्टि नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच, लोगों और पुलिस के बीच बहस भी हुई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई और सड़क किनारे रहने वाले लोगों ने घरों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।