Saraikela News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने नौ और पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही अब तक निलंबित पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में दो सब इंस्पेक्टर, चार एएसआई, दो हवलदार और एक कांस्टेबल शामिल हैं। इससे पहले थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई थी।
वहीं, इस मामले में गिरफ्तारी भी जारी है। गम्हरिया थाना में तैनात ओडी अधिकारी और मुंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इससे पहले शनिवार को कथित दुष्कर्म के आरोपी वायरलेस ऑपरेटर को गिरफ्तार किया गया था। इस तरह अब तक मामले में कुल तीन पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
रविवार को एसपी मनोज स्वर्गीयारी खुद गम्हरिया थाना पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। एसपी के अनुसार, नौ पुलिसकर्मियों को अनुशासनहीनता और घटना की जानकारी समय पर वरीय अधिकारियों को नहीं देने के आरोप में निलंबित किया गया है।
इस कार्रवाई के बाद गम्हरिया थाना की पुलिस टीम पर प्रशासन का शिकंजा और कस गया है। थाना परिसर में हुई इस कथित घटना ने पुलिस विभाग की कार्यशैली और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी अन्य पुलिसकर्मी की संलिप्तता या लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


