सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट और अरामको तेल सुविधा पर हमला, तीन की मौत, एक भारतीय समेत दस लोग घायल

सऊदी अरब में एयरपोर्ट और अरामको की तेल सुविधा पर हमलों में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि 10 घायल हुए। हमलों के बीच सात ड्रोन मार गिराने का दावा किया गया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : सऊदी अरब के पूर्वी हिस्से में एक एयरपोर्ट और तेल सुविधा पर हमले में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात दम्माम शहर के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला किया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने एक बयान में बताया कि इस हमले में 8 लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि हवाई अड्डा पर हमला किसने किया लेकिन हाल के दिनों में यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों को कई बार निशाना बनाया है।

हूतियों ने हमले पर नहीं दिया कोई बयान

हालांकि, ईरान समर्थित हूतियों ने इस हमले पर अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है। सऊदी उड्डयन प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि हमले में घायल लोगों को मामूली से लेकर गंभीर चोटें आई हैं और हवाई अड्डे को हुए भौतिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

अरामको की तेल सुविधा पर हमला

इसके पहले बुधवार को सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि सऊदी अरामको के शायबाह ऑयल फील्ड में एक मार गिराए गए ड्रोन के मलबे की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। इसमें दो घायल हुए हैं, जिनमें एक भारतीय भी है। मंत्रालय ने बताया कि मारे गए लोगों में एक नेपाली और एक फिलीपींस का नागरिक था। घायलों में एक भारतीय और एक पाकिस्तानी नागरिक शामिल है।

हूतियों के 7 ड्रोन मार गिराए

मंत्रालय के बयान में कहा गया कि मलबे गिरने से शायबाह तेल क्षेत्र में एक ठेकेदार के वाहन में भी आग लग गई। यमन में वैधता बहाल करने वाले सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने 7 ड्रोन मार गिराने का दावा किया। गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने X पर पोस्ट में कहा, सऊदी अरब की ओर भेजे गए चार ड्रोन को रोककर नष्ट कर दिया गया है। उन्होंने एक दूसरे पोस्ट में बताया कि ये ड्रोन सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत और मदीना क्षेत्र में रोके गए थे। बाद में अल-मलिकी ने बताया कि पूर्वी प्रांत में ही एक और ड्रोन को भी रोका गया गया है। बुधवार शाम गठबंधन ने कहा कि उसने दक्षिण क्षेत्र की ओर भेजे हूतियों के छठें ड्रोन और पूर्वी प्रांत की ओर भेजे गए सातवें ड्रोन को रोक दिया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।