

जमशेदपुर : सावन की आखिरी सोमवारी के पावन अवसर पर गोलमुरी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में शिवभक्ति और सेवा का अनुपम संगम देखने को मिला। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर जीर्णोद्धार समिति की ओर से शिवभक्तों के बीच बिल्व पत्र और दूध का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे भगवान भोलेनाथ की भक्ति और भक्तों की सेवा का सुंदर प्रयास बताया।





सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी
हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन कर जल, दूध और बिल्व पत्र अर्पित किए। सावन की अंतिम सोमवारी होने के कारण भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए भोग की भी व्यवस्था की गई।
हजारों भक्तों ने श्रद्धापूर्वक भोग के रूप में खिचड़ी और खीर ग्रहण किया
सेवा और प्रसाद वितरण के दौरान मंदिर परिसर में आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का सुंदर दृश्य दिखाई दिया। शिवभक्तों का मानना है कि सावन में भगवान शिव को बिल्व पत्र और दूध अर्पित करने का विशेष धार्मिक महत्व है। ऐसे पावन अवसर पर भक्तों के बीच इनका वितरण सेवा के साथ-साथ श्रद्धा का भी प्रतीक बना। सावन की अंतिम सोमवारी पर आयोजित इस सेवा कार्यक्रम ने मंदिर परिसर को न केवल भक्ति से सराबोर किया, बल्कि सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में साकेत गौतम, असीम पाठक, सुमित, विकास कुमार, राहुल कुमार, समरेश कुमार, सुजीत झा, इन्द्रजीत सिंह, अभय सिंह, नीरज जी, पंकज सहित अन्य ने महती भूमिका निभाई।
