
रांची: रांची नगर निगम की ओर से शहर को हरा-भरा और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सखुआ महोत्सव के तहत सोमवार को ओटीसी ग्राउंड परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लेकर पौधे लगाए। मुख्य अतिथि दूरदर्शन रांची के समन्वयक अमन कुमार ने सखुआ का पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने निगम की पहल की सराहना करते हुए कहा कि रांची को हरित शहर बनाने के लिए इस तरह के अभियान में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सखुआ महोत्सव को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में रांची की महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, वार्ड पार्षद संजय कुमार, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप कुमार समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पौधरोपण किया। महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि सखुआ महोत्सव का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से आंदोलन का रूप देना है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की देखभाल और उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है, जितना पौधरोपण करना।निगम शहर के विभिन्न इलाकों में पौधरोपण के साथ नागरिकों को पेड़ों के संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहा है।
उन्होंने कहा कि रांची को हरित, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। इसमें नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अभियान को और मजबूत करेगी। रांची नगर निगम के अनुसार सखुआ महोत्सव के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों की देखभाल के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

