
पुण्यतिथि पर बुंडू, एसएस हाई स्कूल व तैमारा में श्रद्धांजलि सभा, बुंडू को जिला बनाने के उनके सपने को किया गया याद
बुंडू: झारखंड के पूर्व मंत्री और तमाड़ विधानसभा के पूर्व विधायक शहीद रमेश सिंह मुंडा की पुण्यतिथि पर गुरुवार को बुंडू समेत कई स्थानों पर श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया गया। इस मौके पर उनके सुपुत्र और तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा ने बुंडू स्थित विधायक आवास, एसएस हाई स्कूल और तैमारा में स्थापित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों, समर्थकों और क्षेत्र के लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए विधायक विकास कुमार मुंडा ने कहा कि शहीद रमेश सिंह मुंडा का पूरा जीवन जनसेवा, संघर्ष और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में रमेश सिंह मुंडा ने हमेशा किसानों, मजदूरों, आदिवासियों और जरूरतमंद लोगों के अधिकारों की मजबूती से आवाज उठाई। जनकल्याण उनके लिए हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता रहा और उनके कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि शहीद रमेश सिंह मुंडा ने अपने संघर्ष और मेहनत के दम पर राजनीति में अलग पहचान बनाई थी। पंचपरगना क्षेत्र के विकास को लेकर उनकी स्पष्ट सोच थी। उनका सपना था कि बुंडू को जिला बनाया जाए, ताकि पूरे पंचपरगना क्षेत्र को प्रशासनिक पहचान मिले और लोगों को सरकारी योजनाओं व प्रशासनिक सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर आसानी से मिल सके।
विकास कुमार मुंडा ने कहा कि उनके पिता को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब सभी लोग उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का संकल्प लें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने और शहीद रमेश सिंह मुंडा के आदर्शों को आगे बढ़ाने की अपील की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

