वैश्विक बाजारों से मिले समर्थन से सेंसेक्स, निफ्टी में एक प्रतिशत तक की तेजी

वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच सेंसेक्स 822 अंक उछला और निफ्टी में तेजी आई। इन्फोसिस, टीसीएस के शेयर चढ़े, जबकि जियो प्लेटफॉर्म्स आईपीओ को शानदार शुरुआती प्रतिक्रिया मिली।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में बुधवार को शुरुआती कारोबार में एक प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। इससे पिछले कारोबारी सत्र में भारी गिरावट के बाद बाजार में फिर तेजी लौटी। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 822.64 अंक यानी 1.11 प्रतिशत चढ़कर 74,675.54 अंक पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 217.65 अंक यानी 0.95 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,106.60 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस का शेयर सबसे अधिक तीन प्रतिशत चढ़ा। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 2.6 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट में 2.3 प्रतिशत की तेजी आई। टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, आईटीसी, लार्सन एंड टुब्रो, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक और एशियन पेंट्स के शेयर भी बढ़त में रहे।

दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, इंडिगो, ट्रेंट, इटर्नल, बजाज फिनसर्व, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एनटीपीसी, मारुति सुजुकी इंडिया, टाइटन और एक्सिस बैंक के शेयर में गिरावट रही। जियो प्लेटफॉर्म्स के 30,213 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को खुलने के कुछ ही मिनटों में निवेशकों से 85 प्रतिशत अभिदान मिल गया। एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 2.6 प्रतिशत चढ़ा, जबकि जापान का निक्की 225 करीब एक प्रतिशत बढ़ा। हालांकि, हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार मंगलवार को ज्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए।
अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 1.46 प्रतिशत बढ़कर 110.38 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,148.64 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,201.19 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। दशहरा के कारण मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार बंद रहे थे। बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 876.37 अंक टूटकर और एनएसई निफ्टी 257.20 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।