सीवान: बिहार के सीवान जिले में रामलीला के मंचन के दौरान दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगने से पांच बच्चों समेत कम से कम 10 लोग झुलस गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक बयान के अनुसार, घटना मंगलवार देर शाम बरहरिया थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में उस समय हुई, जब राजा हरिश्चंद्र की कथा का मंचन किया जा रहा था। सीवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भारत सोनी ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘इस घटना में पांच बच्चों समेत कुल 10 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसे पांच बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।’’

एसपी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) और बरहरिया के थाना प्रभारी (एसएचओ) मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अधिकारी पीड़ितों की पहचान करने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस ने घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की है, जबकि साक्ष्य जुटाने के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है। एसपी के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारी आयोजकों के बयान भी दर्ज कर रहे हैं।


