
Robbery Plan Failed : बिहार के सारण जिले के सोनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संभावित लूट की वारदात को समय रहते विफल कर दिया। विशेष अभियान के तहत मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने शिवबचन चौक के पास एक घर में छापेमारी कर चार संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। आरोपियों के पास से तीन देसी पिस्टल, 50 जिंदा कारतूस, चार बाइक, मोबाइल फोन, चाकू और आभूषण तौलने वाली डिजिटल मशीन मिली है। इससे साफ संकेत मिलता है कि ये किसी बड़ी लूट की तैयारी में थे।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कई पुराने लूटकांड में शामिल होने की बात कबूली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक किराये के मकान से सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए, जिनमें कंगन, पायल, करधनी और अन्य सामान शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू कुमार, ऋषि कुमार, अच्छेलाल कुमार और मन्नत राज उर्फ अमित कुमार के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई और क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।

