गोपाल मैदान में पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, सूर्य सिंह बेसरा के साथ मारपीट, युवती पुलिस हिरासत में

जमशेदपुर के गोपाल मैदान में टाटा स्टील के जनजातीय संवाद कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा से कथित मारपीट हुई। पुलिस ने किरण मांझी को हिरासत में लिया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित टाटा स्टील के जनजातीय संवाद कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब झारखंड के वरिष्ठ आदिवासी नेता एवं पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा के साथ कथित तौर पर मारपीट की घटना हुई। अचानक हुए इस घटनाक्रम से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस मामले में करनडीह निवासी किरण मांझी का नाम सामने आया है, जो मास कम्युनिकेशन की छात्रा बताई जा रही हैं। आरोप है कि वह अपनी मां और बहनों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंची थीं। सूर्य सिंह बेसरा को सामने देखते ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिसने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि युवती और उसके परिजनों ने बेसरा के साथ हाथ और चप्पल से मारपीट की।

चार महीने पुराना विवाद बना टकराव की वजह

बताया जा रहा है कि इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि करीब चार महीने पुरानी है। नागपुर में आयोजित संताली सिनेमा एवं कला अकादमी के एक कार्यक्रम के दौरान किरण मांझी और सूर्य सिंह बेसरा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद को मंगलवार की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और दोनों पक्षों का पक्ष अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के बाद सूर्य सिंह बेसरा को सीने के निचले हिस्से में चोट लगने की जानकारी मिली है। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नेता को उपचार के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) भेजा गया।

घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में शामिल घाटशिला के पूर्व पार्षद अर्जुन पूर्ति और पूर्व छात्र नेता हरिराम टुडू ने इस घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के मतभेद या विवाद का हल बातचीत के माध्यम से निकाला जाना चाहिए। सार्वजनिक कार्यक्रम में एक वरिष्ठ और बुजुर्ग आदिवासी नेता के साथ इस तरह की घटना होना दुर्भाग्यपूर्ण है। वहीं, बिष्टुपुर पुलिस ने किरण मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुराने विवाद की असली वजह, मारपीट की परिस्थितियों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।