चेन्नई: तमिलनाडु सरकार ने आम लोगों को इस साल दीपावली के अवसर पर केवल सुबह छह से सात बजे तक और शाम सात से आठ बजे तक ही आतिशबाजी करने की अनुमति दी है। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य प्रशासन ने गंभीर वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को रोकने तथा सुरक्षित व सामूहिक जश्न को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस दो घंटे की समयसीमा की घोषणा की है। विज्ञप्ति में पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सामूहिक जिम्मेदारी पर भी जोर दिया गया।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘दीपावली रोशनी और पारिवारिक खुशियों का त्योहार है, जिसे प्रकृति के अनुकूल मनाया जाना चाहिए। हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे ध्वनि और वायु प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों के बजाय पर्यावरण के अनुकूल तरीके चुनकर इस दिन को मनाएं।’’ यह कदम भूमि, जल और वायु प्रदूषण को रोकने के साथ-साथ तेज ध्वनि से सुनने की क्षमता को पहुंचने वाले नुकसान जैसी गंभीर पर्यावरणीय और जन-स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने के प्रयासों के तहत उठाया गया है।



