

डेस्क: पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर के पास स्थित चार मंजिला निजी होटल में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 6 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।





जानकारी के अनुसार आग तारापीठ मंदिर के पास स्थित बिदिशिनी होटल के ग्राउंड फ्लोर पर लगी। जिस वक्त यह हादसा हुआ होटल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु ठहरे हुए थे। इनमें ज्यादातर लोग रात में मंदिर दर्शन के लिए तारापीठ पहुंचे थे। सोमवार की सुबह मां तारा के दर्शन की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि आग तड़के करीब 4:30 से 5 बजे के बीच लगी। शुरुआती जानकारी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आग लगते ही होटल में अफरा-तफरी मच गई। आग और घना धुआं तेजी से फैलने के कारण कई लोग अपने कमरों में फंस गए। कुछ लोगों की मौत दम घुटने से होने की बात सामने आई है, जबकि कुछ लोग आग की चपेट में आने से झुलस गए।
बीरभूम के एएसपी नीलेश श्रीकांत गाइकर ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक करीब 11-12 लोगों को रामपुरहाट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी घटना से जुड़ी पूरी जानकारी जुटा रहे हैं। होटल प्रबंधन की ओर से भी शॉर्ट सर्किट को आग की वजह बताया गया है। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
