टाटा संस के निदेशक मंडल की बैठक में होगी सूचीबद्धता, चंद्रशेखरन की नियुक्ति पर चर्चा

टाटा संस के निदेशक मंडल की अहम बैठक सोमवार को होगी, जिसमें कंपनी की शेयर बाजार सूचीबद्धता, पुनर्गठन योजना और चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: 29 नवंबर (भाषा) देश के सबसे बड़े कारोबारी समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस के निदेशक मंडल की सोमवार को होने वाली बैठक में कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने और उसके चेयरमैन एन चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति समेत कई विवादित मुद्दों को लेकर भविष्य की रणनीति पर चर्चा होगी। इस बीच, कंपनी के सबसे बड़े शेयरधारक टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा की चिंताएं बरकरार हैं।

नोएल के प्रमुख प्रस्तावों पर विरोध जताते रहने की संभावना है। वहीं, टाटा संस प्रबंधन भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नियमों का हवाला देते हुए सूचीबद्धता के बारे में आगे की रणनीति बताने के लिए तीन महीने की समयसीमा का मुद्दा उठा सकता है।

यह बैठक बंबई उच्च न्यायालय के उस फैसले के तीन दिन बाद हो रही है, जिसमें नोएल की अध्यक्षता वाले दो परोपकारी ट्रस्टों को टाटा संस के प्रस्तावों पर टाटा ट्रस्ट के विशेष मतदान अधिकारों और मत बराबर होने की स्थिति में चेयरमैन को निर्णायक मत देने से रोकने की मांग पर तत्काल राहत नहीं मिली थी।

हालांकि, अदालत ने कहा है कि इस मामले में अंतिम फैसला बैठक में लिए गए निर्णयों को प्रभावित करेगा। बैठक का एजेंडा बदलने की नोएल की मांग स्वीकार कर ली गई है। अब टाटा संस की पुनर्गठन योजना पर चर्चा पहले होगी। इस योजना का मकसद कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से बचाना और टाटा संस में 18 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले सबसे बड़े निजी शेयरधारक शापूरजी पालोनजी समूह को 25,000 करोड़ रुपये की नकदी सहायता उपलब्ध कराना है।

हालांकि, सबसे अधिक नजर उस एजेंडा पर रहेगी जिसमें कंपनी की असाधारण आम बैठक (ईजीएम) बुलाने के प्रस्ताव पर फैसला होना है। इस बैठक में 158 साल पुरानी कंपनी को सार्वजनिक लिमिटेड कंपनी बनाने के लिए आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने और चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति पर निर्णय किया जा सकता है।

पिछले मतदान के रुझान को देखते हुए नोएल के पास पर्याप्त समर्थन नहीं है और इन अहम मुद्दों पर छह सदस्यीय निदेशक मंडल में उनके अकेले विरोध में रहने की संभावना है।

इस साल 11 सितंबर को हुई निदेशक मंडल की पिछली बैठक में चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के प्रस्ताव को 4:1 के मत से मंजूरी मिली थी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।