पुणे: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और विकास के लिए प्रौद्योगिकीय नेतृत्व आवश्यक है तथा भारत को अपने रणनीतिक हितों के लिए रक्षा अनुसंधान व नवाचार के क्षेत्र में एक वैश्विक नेता के रूप में उभरना चाहिए।

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) के अंतर्गत आने वाले प्रमुख संस्थान, रक्षा उन्नत प्रौद्योगिकी संस्थान (डीआईएटी) के 15वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि जो राष्ट्र प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे होता है, वह सुरक्षा के मामले में भी आगे रहता है और अपनी स्वतंत्रता, संप्रभुता तथा विकास की मजबूती से रक्षा करने में अधिक सक्षम होता है।
उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), मशीन लर्निंग, क्वांटम कंप्यूटिंग, स्वचालित प्रणाली, उन्नत पदार्थ, साइबर सुरक्षा, अंतरिक्ष-आधारित क्षमताओं और निर्देशित ऊर्जा तकनीकों में हो रही तीव्र प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि ये विकास युद्ध के स्वरूप को बदल रहे हैं और नए अवसर तथा चुनौतियां पैदा कर रहे हैं।
सिंह ने कहा, ‘‘चुनौती केवल नयी प्रौद्योगिकी विकसित करने की ही नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें तेजी से समझने, अपनाने और उनका उपयोग करने की भी है। नयी प्रौद्योगिकी को तेजी से अपनाना और उनका उपयोग करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।’’
उन्होंने सैन्य शक्ति तथा वैज्ञानिक और प्रौद्योगिकी क्षमताओं को राष्ट्रीय शक्ति के दो परस्पर निर्भर स्तंभों के रूप में वर्णित किया।
सिंह ने कहा, ‘‘सशस्त्र बल देश की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करते हैं, जबकि विज्ञान और प्रौद्योगिकी आर्थिक विकास, औद्योगिक प्रगति और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हैं।’’
उन्होंने कहा कि सैन्य उद्देश्यों के लिए विकसित की गई प्रौद्योगिकी अक्सर स्वास्थ्य सेवा, कृषि, संचार और परिवहन जैसे असैन्य क्षेत्रों में भी इस्तेमाल होने लगती हैं।
रक्षामंत्री ने कहा, ‘‘प्रयोगशाला में शुरू की गई एक छोटी-सी शोध पहल भी आगे चलकर किसानों के लिए एक नया साधन, चिकित्सकों के लिए कोई अभिनव समाधान, या सैनिकों के लिए जीवन बचाने वाली तकनीक साबित हो सकती है।’’
उन्होंने कहा कि डीआईएटी को आधुनिक ‘तक्षशिला’ (प्राचीन भारत के सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में शामिल) के रूप में उभरना चाहिए और अत्याधुनिक शोध, नवाचार तथा राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों के समाधान के माध्यम से रक्षा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश का नेतृत्व करना चाहिए।
दीक्षांत समारोह में कुल 518 छात्रों को डिग्री प्रदान की गईं, जो संस्थान के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी संख्या है।
इससे पहले, सिंह ने डीआईएटी में एक नए शैक्षणिक इमारत की आधारशिला रखी। इस प्रस्तावित इमारत में अत्याधुनिक कक्षाएं, प्रयोगशालाएं, शोध सुविधाएं, इनक्यूबेशन सेंटर और 200 छात्रों के बैठने की व्यवस्था वाला एक सभागार होगा।


