Delhi Fire Accident: पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर में लगी आग के दौरान हालात बेहद गंभीर हो गए थे, ई-रिक्शा की बैटरियां फट रही थीं, घना धुआं भर गया था, जिससे सांस लेना मुश्किल हो गया था और छह लोग चार्ज हो रहे वाहनों के ऊपर बने एक मचान पर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने इस घटना को कुछ इस तरह बयां किया। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो घायल हो गए।

चार मंजिला इमारत के भूतल पर लगी आग
पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह करीब चार बजकर 20 मिनट पर करीब 50 वर्ग गज में फैली चार मंजिला इमारत के भूतल पर आग लगी। यहां ई-रिक्शा चार्ज करने के लिए बिजली वितरण बोर्ड लगाए गए थे। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि छह व्यक्ति, जो किरायेदार थे, भूतल पर बने पार्किंग और चार्जिंग क्षेत्र के मचान पर सो रहे थे, तभी आग पूरे परिसर में फैल गई।
लगातार फट रही थीं ई-रिक्शा की बैटरियां..
इसी इमारत में अपनी पत्नी के साथ रहने वाले राजेश कुमार ने बताया कि रविवार तड़के उनकी पत्नी ने भूतल से धुआं उठता देखकर उन्हें जगाया। कुमार ने कहा, ‘‘मैं नीचे गया और दरवाजा पूरी तरह खोल दिया, ताकि धुआं बाहर निकल सके। अंदर मौजूद लोग चिल्ला रहे थे, ‘भाई, बचाओ, बचाओ’। मैंने उन्हें बचाने के लिए अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन ई-रिक्शा की बैटरियों में विस्फोट होने लगे थे। आग इतनी भीषण थी कि कोई भी अंदर नहीं जा सकता था।’’ कुमार पिछले तीन साल से इस इमारत में रह रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग पूरे परिसर में फैलने के दौरान उन्होंने पुलिस नियंत्रण कक्ष को इसकी सूचना दी और एंबुलेंस बुलाई। एक स्थानीय व्यक्ति ने दावा किया, “दमकलकर्मियों ने एक व्यक्ति को बाहर निकाला और उसे सीपीआर दिया। इसके बाद उसने फिर से सांस लेना शुरू कर दिया। एक अन्य व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया था और चीख रहा था। दोनों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। बाकी लोगों के शव बाद में बाहर निकाले गए।”
उन्होंने बताया कि इन लोगों के बचकर निकलने की संभावना बहुत कम थी, क्योंकि मचान के ठीक नीचे ई-रिक्शा खड़े थे। ऐसे में भूतल के आग की चपेट में आने के बाद उनके पास नीचे उतरने का कोई रास्ता नहीं बचा था।
कुमार ने कहा, ‘‘वे अपने ई-रिक्शा नीचे खड़े करते थे और उनके ऊपर बने मचान पर सोते थे। वे वहीं खाना पकाते, खाते और सोते थे। जब आग लगी, तो वे ई-रिक्शा के बीच से नीचे कैसे उतर सकते थे? उनके पास बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था।’’
रातभर चार्जिंग पर लगी बैटरियों के गर्म होने के कारण लगी आग
उन्होंने आरोप लगाया कि रातभर चार्जिंग पर लगी बैटरियों के गर्म होने के कारण आग लगी। उन्होंने बताया कि परिसर में नियमित रूप से ई-रिक्शा खड़े किए जाते थे और उन्हें चार्ज किया जाता था। चालक दिनभर काम करने के बाद वापस आकर वहीं सो जाते थे। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस परिसर में बिजली की व्यवस्था की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी छह व्यक्ति उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूर थे, जो इलाके में ई-रिक्शा चलाते थे। वे मुख्य रूप से कृष्णा नगर, विश्वास नगर और शाहदरा के आसपास काम करते थे। एक अन्य स्थानीय निवासी कोमल ने बताया कि उनका परिवार चीख-पुकार और तेज आवाजों से जागा। उन्हें लगा कि ये आवाजें बैटरियों में हो रहे विस्फोटों की थीं। उन्होंने तुरंत अपने बच्चों को इकट्ठा किया और इमारत के अन्य लोगों को सतर्क किया।
घटना के बाद मची चीख-पुकार
उन्होंने कहा, ‘‘हमने लोगों के चीखने की आवाज सुनी और काफी अफरा-तफरी मची हुई थी। तेज आवाजें आ रही थीं, ऐसा लग रहा था जैसे कुछ फट रहा हो। मैंने अपने पति को जगाया और हम तेजी से नीचे की ओर भागे।’’
कोमल ने बताया कि कुछ लोग सीढ़ियों के रास्ते बाहर निकल गए, जबकि अन्य लोग आसपास की छतों और बालकनी के रास्ते बाहर निकले।
आग से इमारत के भूतल पर बना चार्जिंग क्षेत्र बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सभी छह लोगों को डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया गया। दो जीवित बचे लोगों को आगे के उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि जीवित बचे लोगों में से एक की पहचान 50 वर्षीय रामवीर के रूप में हुई है।


