
तेहरान : ईरान की राजधानी तेहरान में देश के सुप्रीम लीडर रहे आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होने के लिए लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही है। बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरानी मीडिया ने रिपोर्ट किया है कि तेहरान के मोसल्ला स्थित मस्जिद में लोगों की संख्या बढ़ने की वजह से समारोह स्थल के उत्तरी दरवाज़े भी खोल दिए गए हैं। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि ईरान और इराक़ के विभिन्न शहरों में आयोजित होने वाले छह दिवसीय समारोह में डेढ़ से दो करोड़ लोग शामिल होंगे। इस बीच, इराक़ के समाचार सूत्रों का कहना है कि बुधवार को अली ख़ामेनेई के अंतिम संस्कार के लिए देश की राजधानी बगदाद में बंद रहेगा। ख़ामेनेई का अंतिम संस्कार समारोह गुरुवार को उनके गृह नगर मशहद में समाप्त होगा, जहां उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

