टाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामले में आरोपियों के खिलाफ मकोका की धाराएं लगाई गईं

टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के मामले में मुंबई पुलिस ने आरोपियों पर मकोका लगाया है। अब तक 11 गिरफ्तारियां हुई हैं, जबकि अनिल पंडित वांछित है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी से जुड़े मामले में आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की धाराएं लगाई हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सक्षम प्राधिकारी से मंजूरी मिलने के बाद इस कानून की धाराएं जोड़ी गई हैं। इस मामले में मूल प्राथमिकी घटना के एक दिन बाद 19 अक्टूबर को जुहू थाने में दर्ज की गई थी, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (1) (हत्या का प्रयास) और धारा 3(5) (साझा इरादा) के साथ-साथ शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराएं लगाई गई थीं।

अधिकारी ने बताया कि औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ मकोका की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) भी जोड़ी गई हैं। इन धाराओं में संगठित अपराध करने पर सजा का प्रावधान है। इस मामले में अपराध शाखा अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। अठारह अक्टूबर की शाम जुहू इलाके में मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की थी। अभिनेता हमले में बाल-बाल बच गए थे, जबकि उनका वाहन चालक और एक राहगीर घायल हो गए थे। जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के कथित सहयोगी अनिल पंडित को इस मामले में वांछित आरोपी बनाया गया है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।