
रांची : रेलयात्रियों के लिए जरूरी खबर है। जून महीने में सफर मुश्किल हो सकता है। दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत रुपसा स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और आधारभूत संरचना विकास कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ने वाला है। इस वजह से गोमो, कोडरमा और गया जंक्शन होकर चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस और नीलांचल एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग तारीखों पर कुछ ट्रेनों को 60 मिनट से लेकर 120 मिनट तक की देरी से चलाने का निर्णय लिया है। ऐसे में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
इन तारीखों पर लेट चलेंगी ट्रेनें
1 जून 2026: ट्रेन संख्या 22812 नई दिल्ली–भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस करीब 60 मिनट देरी से चलेगी।
2 जून 2026: ट्रेन संख्या 12876 आनंद विहार टर्मिनल–पुरी नीलांचल एक्सप्रेस लगभग 90 मिनट लेट रहेगी।
4 और 5 जून 2026: ट्रेन संख्या 22823 भुवनेश्वर–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस करीब 60 मिनट की देरी से संचालित होगी।
6 जून 2026: ट्रेन संख्या 22824 नई दिल्ली–भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस लगभग 120 मिनट विलंब से चलेगी।
7 जून 2026: ट्रेन संख्या 22811 भुवनेश्वर–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस करीब 90 मिनट देरी से चलेगी।
नीलांचल एक्सप्रेस का बदला रूट
रेलवे के मुताबिक, ट्रेन संख्या 12875 पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस जून के आखिरी सप्ताह में कुछ विशेष तारीखों पर परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी। यह ट्रेन 23 जून, 26 जून, 28 जून और 30 जून को वाराणसी, जाफराबाद और सुल्तानपुर के रास्ते से होकर गुजरेगी।
यूपी के 5 स्टेशनों पर नहीं होगा ठहराव
रूट बदलने के कारण नीलांचल एक्सप्रेस अपने नियमित मार्ग पर पड़ने वाले भदोही समेत उत्तर प्रदेश के पांच प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित दिनों में नहीं रुकेगी। इस बदलाव का असर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो इन स्टेशनों से यात्रा करते हैं। उन्हें वैकल्पिक ट्रेनों का सहारा लेना पड़ सकता है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन का समय और स्थिति एनटीईएस (NTES), रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन के जरिए जरूर जांच लें।

