
टुंडी में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण का शिलान्यास, ग्रामीणों को मिलेगा बेहतर इलाज
धनबाद: टुंडी प्रखंड अंतर्गत कदैया और लुकेया पंचायत में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। झामुमो के टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधायक ने क्षेत्र के विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। निर्माणाधीन स्वास्थ्य उपकेंद्र से स्थानीय ग्रामीणों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

