बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने हाल ही में अपनी पत्नी नताशा दलाल को प्रपोज करने से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। कॉमेडियन तन्मय भट्ट के शो में बातचीत के दौरान वरुण ने बताया कि उनका प्रपोजल किसी फिल्मी रोमांटिक सीन की तरह बिल्कुल भी परफेक्ट नहीं था। बल्कि कई बार कोशिश करने के बावजूद हर बार कुछ न कुछ गड़बड़ हो जाती थी।

वरुण ने खुलासा किया कि उन्होंने अलीबाग में स्विमिंग पूल के पास नताशा को प्रपोज करने की खास योजना बनाई थी। इस मौके के लिए उन्होंने मार्क एंथोनी का लोकप्रिय गाना ‘यू सैंग फॉर मी’ भी चुना था। अभिनेता ने बताया, “मैंने सोचा था कि हम पूल में होंगे और मैं बाहर आकर अंगूठी के साथ उन्हें प्रपोज करूंगा, लेकिन जैसे ही मैं रिंग लेने गया, नताशा पूल से बाहर निकल गईं।”
दोस्तों की मदद के बाद भी नहीं बनी बात
वरुण धवन ने हंसते हुए बताया कि ऐसा सिर्फ एक बार नहीं, बल्कि कई बार हुआ। उन्होंने कहा, “दो-तीन बार मैंने पूरी योजना बिगाड़ दी। फिल्मों की तरह कोई परफेक्ट प्रपोजल नहीं होता। हर बार टाइमिंग खराब हो जाती थी।” उन्होंने यह भी बताया कि उन्होंने दोस्तों से नताशा को एक जगह रोकने के लिए कहा था, लेकिन कभी वह ड्रिंक लेने चली जातीं तो कभी सलाद खाने। आखिरकार कई मजेदार कोशिशों के बाद वरुण अपने प्यार का इजहार करने में सफल रहे।


