वेनेजुएला में लगातार दो शक्तिशाली भूकंप, इमारतें ढहने से 35 की मौत, 700 घायल

वेनेजुएला में लगातार आए दो शक्तिशाली भूकंपों से भारी तबाही मची। काराकस में इमारतें ढहीं, 35 लोगों की मौत और 700 घायल हुए, जबकि सुनामी अलर्ट भी जारी किया गया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली : वेनेजुएला में बुधवार शाम लगातार आए दो शक्तिशाली भूकंपों से भारी तबाही मची है। भूकंप के झटकों के कारण राजधानी काराकस में कई इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गई हैं, जिसके मलबे में दबने से अभी तक 35 लोगों की मौत और 700 लोगों के घायल होने का समाचार है। यह आंकड़ा बढ़ सकता है। इस प्राकृतिक आपदा से लोगों में भारी दहशत का माहौल है। इन्हें एक सदी से भी अधिक समय में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक माना जा रहा है।

अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, पहले भूकंप की तीव्रता 7.1 मापी गई। इसका केंद्र देश के कैरेबियाई तट पर स्थित मोरोन के पश्चिम में 13 किलोमीटर की गहराई में था। यह स्थान काराकस से करीब 168 किलोमीटर दूर स्थित है। ठीक एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली भूकंप आया। इस भूकंप का केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई में था। संभावित खतरे को देखते हुए अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने वर्जिन आइलैंड्स के लिए सुनामी का अलर्ट जारी किया है। डोमिनिकन गणराज्य के अधिकारियों ने भी अपने द्वीप क्षेत्र के लिए चेतावनी जारी की है। हालांकि, प्यूर्टो रिको के लिए पहले जारी किया गया अलर्ट बाद में वापस ले लिया गया। भूकंप के झटके महसूस होते ही काराकस में लोग घबराकर बाहर निकल आए और लंबे समय तक खुले स्थानों पर रहे।

इमारतों की पूरी-की-पूरी दीवारें ढहने के बाद लोगों के चेहरे पर दहशत साफ दिखाई दे रही थी। राजधानी के दो ऐसे व्यस्त इलाकों में धूल के गुबार उठते दिखाई दिए, जहां आमतौर पर रेस्तरां और कारोबारी प्रतिष्ठानों में काफी चहल-पहल रहती है। गृह मंत्री दियोस्दादो काबेलो ने कहा कि भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए हैं। उन्होंने बताया कि काराकस के अल्टामिरा इलाके में मकानों और इमारतों के ढहने के कारण स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है तथा भारी संख्या में लोगों के हताहत होने की आशंका है। काबेलो ने वाहन चालकों से एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को रास्ता देने की अपील की है। उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा है। काराकस के निवासी रॉबर्टो डमास ने बताया कि झटके इतने शक्तिशाली थे कि इमारतें बुरी तरह हिल रही थीं और सड़क पर चलते हुए लोग डगमगाने लगे थे। लगभग सारा सामान गिर गया, लेकिन वे सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।