
रांची: भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 28 मार्च को एक दिवसीय दौरे पर रांची आएंगे। वे राष्ट्रपति के विशेष विमान से राजधानी पहुंचेंगे। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को सुबह लगभग 11 बजे उनका आगमन बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर होगा।
हवाई अड्डे से वे सीधे खूंटी जिले के उलीहातू के लिए रवाना होंगे, जो महान जननायक बिरसा मुंडा की जन्मस्थली है। उलीहातू पहुंचकर उपराष्ट्रपति बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और उनके वंशजों से मुलाकात कर संवाद भी करेंगे।
इसके बाद दोपहर में वे खूंटी से वापस रांची लौटेंगे और सीधे राजभवन जाएंगे, जहां उनके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। राजभवन में भोजन और अल्प विश्राम के पश्चात वे भारतीय प्रबंधन संस्थान रांची के पुंदाग परिसर में आयोजित दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद उपराष्ट्रपति उसी दिन नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। राष्ट्रपति भवन की ओर से उनके इस दौरे की आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है। राज्य सरकार ने रांची और खूंटी जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और प्रोटोकॉल को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
यह दौरा झारखंड के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसमें एक ओर जनजातीय गौरव के प्रतीक बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी, वहीं दूसरी ओर देश के प्रमुख प्रबंधन संस्थान के दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति की उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ेगी।

