

रांची : झारखंड के चर्चित कारोबारी और लैंड स्कैम के जरिए मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपी विष्णु अग्रवाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। व्यापारिक सिलसिले में दुबई जाने के लिए उन्होंने रांची सिविल कोर्ट स्थित पीएमएलए की विशेष अदालत का दरवाजा खटखटाया है। इस मामले में अदालत में सुनवाई पूरी हो चुकी है और कोर्ट ने फैसले के लिए 20 अगस्त की तारीख मुकर्रर की है। वर्ष 2023 में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने लैंड स्कैम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में विष्णु अग्रवाल को गिरफ्तार किया था, जिन्हें बाद में झारखंड हाईकोर्ट से सशर्त जमानत मिली थी।





जमानत की शर्तों के मुताबिक, देश से बाहर जाने से पहले उन्हें ट्रायल कोर्ट यानी पीएमएलए कोर्ट से अनुमति लेना अनिवार्य है, जिसके तहत उन्होंने यह याचिका दायर की है। विष्णु अग्रवाल पर रांची के बड़गाई अंचल के अंतर्गत चेशायर होम रोड स्थित खाता संख्या 37 की करीब एक एकड़ बेशकीमती जमीन की अवैध खरीद-बिक्री और मनी लॉन्ड्रिंग का गंभीर आरोप है।अब सबकी निगाहें 20 अगस्त पर टिकी हैं कि PMLA कोर्ट उनके विदेश जाने की अर्जी पर क्या फैसला सुनाती है।
