तेजस्वी यादव हिरासत में, नीट विरोधी प्रदर्शन में पुलिस कार्रवाई के खिलाफ निकाल रहे थे मार्च

NEET पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में पटना में मार्च निकाल रहे तेजस्वी यादव हिरासत में लिए गए। RJD कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने पानी की बौछार की।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पटना: बिहार में नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में हालिया पुलिस कार्रवाई के खिलाफ बुधवार को मार्च निकाल रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव को पटना में हिरासत में ले लिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा ने यह जानकारी दी।

यादव को आयकर चौराहे के पास पुलिस वाहन में ले जाया गया। पुलिस वाहन में बैठाए जाने के दौरान यादव ने आरोप लगाया, ‘‘सरकार छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल रही है। परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लगातार लीक हो रहे हैं।’’

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यादव के नेतृत्व में राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिन में यहां जेपी गोलंबर से लोक भवन के लिए विरोध मार्च निकाला। मार्च के रास्ते में लगाए गए बैरिकेड को पार करने की कोशिश कर रहे राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने पानी की बौछार भी की। इस दौरान यादव भी मौजूद थे।

राजद सांसद मनोज झा ने ‘पीटीआई-भाषा’ वीडियो से कहा, ‘‘जेन जी की भावनाओं को समझना जरूरी है। बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ सरकार ने एके-47 राइफलों का इस्तेमाल किया और दिल्ली में ईमानदार एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली की मांग करने पर उनके खिलाफ पैलेट गन और कील लगे डंडों का इस्तेमाल किया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम यह मार्च इन सभी पहलुओं को बिहार के राज्यपाल के संज्ञान में लाने के लिए निकाल रहे हैं।’’

राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि प्रदर्शनकारी लोक भवन में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे।

राजद के मार्च पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दावा किया कि यह तेजस्वी यादव का ‘‘करियर बचाने’’ के लिए निकाला गया मार्च है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।