बिहार में वार्ड सदस्य की हत्या, आक्रोशित ग्रामीणों ने फूंके पुलिस के वाहन

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

छपरा : बिहार के सारण जिले के बनियापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को वार्ड सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने बुधवार को एक खेत से शव बरामद किया। शव बरामद होने के बाद आक्रोशित लोगों ने जमकर बवाल काटा। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस के एक वाहन में आग लगा दी।

पुलिस के मुताबिक, बनियापुर थाना क्षेत्र के भुसांव पंचायत के वार्ड नंबर 12 के वार्ड सदस्य सद्दाम हुसैन को अज्ञात अपराधियों ने मंगलवार की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी।

सद्दाम मंगलवार को हंसराजपुर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश प्रारंभ की।

बुधवार को ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस ने हंसराजपुर गांव के खेत से उसका शव बरामद किया है। घटनास्थल से ही उसकी बाइक और फोन भी मिला है।

इधर, हत्या की सूचना के बाद गांव वाले आक्रोशित हो गए और जमकर बवाल काटा।

आक्रोशित लोगों ने पुलिस के एक वाहन में आग लगा दी तथा एक अन्य वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।

इधर, ग्रामीणों का कहना है कि मृतक इस साल होने वाले पंचायत चुनाव में मुखिया के पद के लिए चुनाव लड़ना चाहता था, जिसकी उन्होंने तैयारी प्रारंभ कर दी थी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गांव में पुलिस बलों को तैनात कर दिया गया है तथा पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे राजनीतिक साजिश मान रही है।

Share This Article