दक्षिण चीन सागर में अमेरिकी लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, सात जवान जख्मी

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

वाशिंगटन: अमेरिकी युद्धक विमान एफ-35सी दक्षिण चीन सागर में नियमित उड़ान के दौरान लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

विमान से पायलट को सुरक्षित निकाल लिया गया था। हालांकि इस दुर्घटना में सात जवान जख्मी हुए हैं।

अमेरिकी नौ सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अमेरिकी विमान वाहक पोत यूएसएस कार्ल विंसन (सीवीएन 70) दक्षिण चीन सागर में तैनात है।

फाइटर जेट एफ-35सी दक्षिण चीन सागर की रोजमर्रा की नियमित उड़ान पर था। उतरते समय यह लड़ाकू विमान दुर्घटना का शिकार हो गया।

समय रहते पायलट को सैन्य हेलीकाप्टर की मदद से लड़ाकू विमान से अलग कर जान बचा ली गयी। इस दुर्घटना में सात सैनिक घायल भी हुए हैं।

लड़ाकू विमान के पायलट को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। पायलट की हालत स्थिर बताई गयी है। हादसे में घायल जवान घटना के समय यूएसएस कार्ल विंसन के डेक पर मौजूद थे।

इनमें से तीन घायल जवानों को फिलीपींस की राजधानी मनीला के मेडिकल ट्रीटमेंट फेसिलिटी सेंटर में इलाज के लिए भेजा गया है।

चार अन्य जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी है। नौ सेना ने बताया कि विमान दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि चीन से तनाव के चलते अमेरिका ने दक्षिण चीन सागर में दो विमान वाहक पोत तैनात कर रखे हैं। इस क्षेत्र पर चीन अपना दावा करता रहा है।

अमेरिकी विमान वाहक पोतों की तैनाती से दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति भी है।

Share This Article