Wayanad Landslide : केरल के वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को मलबे से तीन और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई है। मृतकों में झारखंड और बिहार के प्रवासी मजदूर भी शामिल हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, बिहार के मृतक की पहचान मोहम्मद इमरान के रूप में हुई है, जबकि झारखंड के प्रवासी मजदूर की पहचान अनमोल डोडराई के रूप में की गई है। गुरुवार को बरामद तीनों शव प्रवासी श्रमिकों के बताए जा रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के सर्वेक्षणकर्ता अजहरुद्दीन अंसारी, हिमाचल प्रदेश के इंजीनियर राहुल शर्मा और बिहार के एक्सकेवेटर ऑपरेटर मोहम्मद इमरान शामिल हैं।
केरल सरकार के मंत्रियों ने बताया कि एक शव भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से, जबकि दो अन्य शव पास की नदी से बरामद किए गए। सभी शवों का पोस्टमार्टम व्यिथिरी तालुक अस्पताल में कराया जाएगा, जिसके बाद उन्हें कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सुरक्षित रखा जाएगा।
राहत एवं बचाव दल फिलहाल हादसे वाले इलाके के अलग-अलग जोन में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। इसके अलावा नदी किनारे भी खोज अभियान तेज कर दिया गया है, क्योंकि आशंका है कि मलबे के साथ कुछ लोग बह गए होंगे।
गौरतलब है कि 7 जुलाई को वायनाड और कोझिकोड जिलों को जोड़ने वाली अनाक्कोम्पोयिल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना के निर्माण स्थल पर भूस्खलन हुआ था। इस हादसे में अब भी दो लोग लापता हैं। वहीं 10 घायलों में से तीन को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है, चार की हालत स्थिर है और तीन मरीज आईसीयू में भर्ती हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है।


