
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बीच निर्वाचन आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए स्पष्ट किया है कि राज्य में कहीं भी उम्मीदवारों की जीत के बाद विजय रैलियों की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह निर्णय कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित तनाव को रोकने के लिए लिया गया है।
विशेष पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद आज राज्य में कहीं भी विजय रैलियों की अनुमति नहीं होगी।” इसके साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि निर्वाचन आयोग उन शिकायतों की जांच कर रहा है, जिनमें कहा गया है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के एजेंट मतगणना केंद्रों तक नहीं पहुंच पाए।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा, ताकि मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके।
राज्य में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना जारी है और प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है।

