महिला आरक्षण संशोधन विधेयक में परिसीमन संबंधी प्रावधान ‘लोकतंत्र पर हमला’ : विपक्ष

महिला आरक्षण विधेयक में परिसीमन प्रावधान पर विपक्ष का हमला, इसे लोकतंत्र पर खतरा बताया, दक्षिण भारत की उपेक्षा और राजनीतिक संतुलन बिगाड़ने का आरोप लगाया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Women Reservation Bill India: केरल के विपक्षी नेताओं ने बृहस्पतिवार को संसद में पेश किये गये महिला आरक्षण संशोधन विधेयक में परिसीमन प्रावधानों पर अपनी आपत्तियों को दोहराते हुए इसे ‘‘लोकतंत्र पर हमला’’ करार दिया।

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, सांसद एन.के. प्रेमचंद्रन और भाकपा नेता एनी राजा समेत विपक्षी नेताओं ने कहा कि वे संसद की वर्तमान संख्या में महिलाओं के लिए आरक्षण के पक्ष में हैं, लेकिन इसकी आड़ में परिसीमन प्रावधानों को लाने के कदम को स्वीकार नहीं करेंगे।

वेणुगोपाल ने दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, ‘‘विधेयक में परिसीमन संबंधी प्रावधानों को हम विफल कर देंगे।’’

उन्होंने कहा कि इन प्रावधानों का उद्देश्य ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ करना है। उन्होंने सवाल उठाया कि 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पारित होने के बाद भी केंद्र अब तक इस पर आगे क्यों नहीं बढ़ा है।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘उस समय हम 543 सदस्यीय सदन में आरक्षण लागू करवाना चाहते थे। लेकिन उन्होंने इसे लागू करने के लिए जनगणना और परिसीमन जैसी शर्तें लगा दीं।’’

उन्होंने दावा किया कि परिसीमन से केरल की उपेक्षा और भी बढ़ जाएगी।

प्रेमचंद्रन ने कहा कि परिसीमन प्रावधान पारित होने पर उत्तर भारत के राज्यों के लिए 200 से अधिक सीट और दक्षिण भारतीय राज्यों के लिए केवल 60 सीट बढ़ेंगी।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इसके पीछे मकसद भाजपा को उत्तर भारत के राज्यों से मिलने वाले भारी बहुमत के बल पर देश पर शासन करने देना और दक्षिण भारतीय राज्यों को अलग-थलग करना है।’’

भाकपा नेता एनी राजा ने आरोप लगाया कि संशोधन विधेयक में परिसीमन संबंधी प्रावधानों से महिलाओं के लिए आरक्षण के नाम पर देश के ‘‘लोकतंत्र और संघवाद को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।’’

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।